News By-नितिन केसरवानी
नगर पालिका अध्यक्ष कविता पासी और ईओ राम सिंह के नेतृत्व में चला सफाई अभियान, जनप्रतिनिधियों व नागरिकों ने किया श्रमदान
कौशाम्बी: स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत नगर पालिका परिषद भरवारी में 157 घंटे के विशेष नॉन-स्टॉप महासफाई अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के क्रम में बृहस्पतिवार को नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और चौराहों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। नगर पालिका अध्यक्ष कविता पासी और अधिशासी अधिकारी राम सिंह के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों ने एक घंटा सामूहिक श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस दौरान नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कर उन्हें स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया गया। अभियान के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष कविता पासी और अधिशासी अधिकारी राम सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला संकल्प है। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझेगा और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के प्रति सचेत रहेगा, तभी नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छ भरवारी, स्वस्थ भरवारी के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

157 घंटे के इस विशेष महासफाई अभियान का उद्देश्य नगर के प्रमुख स्थलों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने के साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। अभियान के दौरान सफाई कर्मचारियों के साथ जनप्रतिनिधियों और पालिका कर्मियों ने मिलकर श्रमदान किया।
इस मौके पर पालिका के लिपिक बबलू गौतम, सभासद प्रीति कौशल, प्रतिनिधि तुषार केसरवानी सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि, नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने भी अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता कर स्वच्छता के इस संकल्प को मजबूती प्रदान की।