Breaking News in Primes

प्रयागराज में कोडीन कफ सिरप तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

0 6

News By-नितिन केसरवानी

एक करोड़ रुपये की नशीली दवाएं बरामद, 19,338 शीशी कफ सिरप और 61,600 टैबलेट जब्त

प्रयागराज: एसटीएफ प्रयागराज की टीम ने अंतरराज्यीय कोडीन कफ सिरप तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 19,338 शीशी कोडीन कफ सिरप, 61,600 टैबलेट और तस्करी में प्रयुक्त टाटा नेक्सॉन कार बरामद की गई है। बरामद नशीली दवाओं की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।

एसटीएफ के मुताबिक, 27 सितंबर की रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के कटहुला गौसपुर स्थित भारत गैस के पास घेराबंदी की गई। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में अवैध कोडीन कफ सिरप और अलग-अलग नामों की जेनेरिक दवाएं बरामद हुईं। इसके बाद मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अयोध्या के बीकापुर थाना क्षेत्र निवासी आतुल तिवारी उर्फ प्रवेश तिवारी तथा प्रयागराज के जयरामपुर, सुबेदारगंज निवासी अंकुश कुमार और अभिषेक गुप्ता के रूप में हुई है।

कई राज्यों में फैला था तस्करी का नेटवर्क

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गिरोह दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में अवैध कोडीन कफ सिरप की सप्लाई करता था। गिरोह अलग-अलग नामों की जेनेरिक दवाओं के साथ कफ सिरप को तस्करी के जरिए प्रयागराज तक मंगवाता था।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह का एक अन्य सदस्य दिल्ली के पते पर फर्म बनाकर दवाओं की खरीद में सहयोग करता था। पुलिस के मुताबिक, सप्लाई की पहचान छिपाने के लिए कफ सिरप की शीशियों पर लिखे बैच नंबर को थिनर से मिटा दिया जाता था। इसके बाद दवाओं को कार के जरिए चोरी-छिपे विभिन्न स्थानों पर पहुंचाया जाता था।

कार, मोबाइल और अन्य उपकरण भी बरामद

एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से कफ सिरप और टैबलेट के अलावा टाटा नेक्सॉन कार, 95 पाउच, दो डाई ग्राइंडर और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ एयरपोर्ट थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!