₹20 लाख के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल, रातामाटी में ग्रामीणों ने जताया विरोध
सीढ़ी व पहुंच मार्ग निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप, तकनीकी जांच और दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग
ब्यूरो रिपोर्ट दीपक कुमार बडौदे 8718000562
भीमपुर/रातामाटी। ग्राम पंचायत जामु के अंतर्गत ग्राम रातामाटी में ताप्ती नदी पर निर्माणाधीन सीढ़ी (सीडी) एवं पहुंच मार्ग के कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों के अनुसार करीब ₹20 लाख की लागत से कराए जा रहे इस निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण में सीमेंट की मात्रा अपेक्षाकृत कम रखी जा रही है तथा रेत और गिट्टी की गुणवत्ता को लेकर भी संदेह है। निर्माण सामग्री और कार्य की प्रक्रिया को लेकर नाराज ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की मांग उठाई।
बारिश और नदी के तेज बहाव में क्षति की आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि ताप्ती नदी के किनारे होने के कारण निर्माण कार्य में मजबूत एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग बेहद जरूरी है। यदि निर्माण निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप नहीं हुआ तो बारिश और नदी के तेज बहाव के दौरान निर्माण को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं ग्राम पंचायत से मांग की है कि मौके पर तकनीकी अधिकारियों की टीम भेजकर निर्माण कार्य का निरीक्षण कराया जाए। साथ ही निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता, स्वीकृत लागत, तकनीकी स्वीकृति और कार्य की वास्तविक प्रगति की भी जांच की जाए।
जांच के बाद सामने आएगी वास्तविक स्थिति
ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की वास्तविकता तकनीकी जांच और संबंधित सरकारी अभिलेखों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले का निष्पक्ष निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी धन से होने वाले निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि जनता की राशि का सदुपयोग हो और निर्माण का लाभ ग्रामीणों को लंबे समय तक मिल सके।
अब सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग मौके पर तकनीकी जांच कर ग्रामीणों द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देगा?