Breaking News in Primes

विश्वकर्मा पूजा पर गंगा स्नान करने गई 11 वर्षीय छात्रा डूबी, मौत

0 20

News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी

गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा, ग्रामीण रोहित ने गंगा में तलाश कर निकाला शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

कौशांबी: जिले में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर गुरुवार को विद्यालय में अवकाश होने के कारण गंगा स्नान करने गई 11 वर्षीय छात्रा नेहा गहरे पानी में डूब गई। हादसे में उसकी मौत हो गई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद गांव के रोहित ने गंगा में उतरकर खोजबीन की और नेहा का शव बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम पंचायत तरसौरा के मजरा बाबू का पुरवा (फरीदपुर परसखी) निवासी लवकुश मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी 11 वर्षीय पुत्री नेहा कंपोजिट विद्यालय सुखऊ का पूरा में कक्षा छह की छात्रा थी। गुरुवार को विश्वकर्मा पूजा का अवकाश होने के कारण नेहा समेत छह बच्चे सुबह करीब 10 बजे गंगा स्नान करने के लिए गांव के किनारे पहुंचे थे।


बताया गया कि नहाने के दौरान नेहा गहरे पानी की ओर चली गई और डूबने लगी। साथ मौजूद अंजली (18) पुत्री लवकुश काजल (16) पुत्री लवकुश, निवासी बाबू का पुरवा, सोनी देवी (14) पुत्री राकेश निवासी औढेरवा थाना धाता, ढोंनगू (10) पुत्र मोहन और रागिनी (7) पुत्री बुधई पटेल निवासी बाबू का पुरवा ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नेहा की तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के रोहित ने गंगा में उतरकर खोजबीन की और कुछ देर बाद नेहा का शव बरामद कर लिया।
शव घर पहुंचते ही स्वजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना से गांव में भी मातम छा गया। सूचना पर कोखराज इंस्पेक्टर संतोष शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!