News By-नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: विश्वकर्मा पूजन के शुभ अवसर पर बृहस्पतिवार को नगर पालिका परिषद भरवारी के अम्बेडकर भवन कार्यालय परिसर में भव्य एवं भक्तिमय माहौल में पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष कविता पासी व अधिशासी अधिकारी रामसिंह ने नगर की स्वच्छता, जन-स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के दृढ़ संकल्प के साथ पालिका परिसर में जन-सेवा में समर्पित सभी कार्य-वाहनों, उपकरणों एवं संसाधनों का विधिवत पूजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यालय परिसर में स्थित कूड़ा गाड़ियों, ट्रैक्टरों, जलकल के टैंकरों और अन्य आपातकालीन वाहनों की साफ सफाई कर उनका वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तिलक लगाकर पूजन किया गया।इस अवसर पर नगर अध्यक्ष कविता पासी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा निर्माण और सृजन के देवता हैं। नगर को स्वच्छ, सुंदर और सर्वसुविधायुक्त बनाना पालिका की प्राथमिकता है। जन-सेवा में लगे ये वाहन और संसाधन नगर की रीढ़ हैं, जिनके माध्यम से सफाई मित्र और कर्मचारी प्रतिदिन नगरवासियों की सेवा में योगदान देते हैं।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सफाई कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूजन के उपरांत सभी में प्रसाद वितरित किया गया तथा कर्मचारियों ने नगर के सर्वागीण विकास के लिए निष्ठापूर्वक कार्य करने का संकल्प लिया।इस दौरान राजस्व निरीक्षक अंशुमान शुक्ला, एडवोकेट आशीष पासी, अजय द्विवेदी,लिपिक बबलू गौतम,भाजपा पदाधिकारी दीपचंद दिवाकर,मंडल अध्यक्ष मूरतगंज राम प्रकाश पटेल,ब्रांड एंबेसडर भरवारी रोशनी देवी,सभासद शादाब सिद्दीकी,सुरेंद्र सिंह,विकास बाबू सोनकर, सभासद प्रतिनिधि तुषार केशरवानी, सभासद प्रतिनिधि मनीष मौर्य सहित अन्य कई गणमान्य लोग नगर कर्मी मौजूद रहे।