लोकेशन खरगोन
शासकीय माध्यमिक विद्यालय काकरिया में स्वतंत्रता दिवस समारोह अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ा
काकरिया। 15 अगस्त को शासकीय माध्यमिक विद्यालय काकरिया में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह अव्यवस्थाओं के कारण विवादों में घिर गया। राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर विद्यालय में आवश्यक व्यवस्थाओं के अभाव के चलते विद्यार्थियों की तैयारियों पर पानी फिर गया, जिससे बच्चों और ग्रामीणों में निराशा का माहौल देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कई दिनों तक तैयारी की थी, लेकिन विद्यालय प्रशासन द्वारा माइक और साउंड सिस्टम की व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण बच्चे अपनी प्रस्तुतियां नहीं दे सके। इससे विद्यार्थियों का उत्साह प्रभावित हुआ और कार्यक्रम फीका पड़ गया।


ग्रामीणों का आरोप है कि समारोह के दौरान बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए किसी प्रकार का पुरस्कार वितरण कार्यक्रम भी आयोजित नहीं किया गया। इसके अलावा, विद्यालय के प्रधानाध्यापक भी कार्यक्रम में उपस्थित नहीं रहे, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई।
ग्रामीणों ने इसे विद्यालय प्रशासन की गंभीर लापरवाही बताते हुए संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि राष्ट्रीय पर्व जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर इस प्रकार की अव्यवस्था दुर्भाग्यपूर्ण है और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं होनी चाहिए।
विरोध जताने वाले ग्रामीणों में जगदीश पाटीदार, छोटू औसारी, चेतन सेन, दिनेश डावर, महादेव चंदेल, परमानंद बुंदेला और कमलेश काहेर शामिल रहे।