आगामी 30 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले पारंपरिक एवं ऐतिहासिक शिव डोला आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से खरगोन कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद एवं पुलिस अधीक्षक खरगोन श्री रविन्द्र वर्मा ने गुरुवार को शिव डोला मार्ग का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं आयोजन की व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए ।


पुलिस अधीक्षक श्री रविन्द्र वर्मा ने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन एवं रूट प्लान तैयार करने, संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि शिव डोला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी तथा आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस द्वारा सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे ।
निरीक्षण के दौरान खरगोन कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद एवं पुलिस अधीक्षक खरगोन श्री रविन्द्र वर्मा ने आयोजन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए । दोनों अधिकारियों ने जिलेवासियों एवं शिव भक्तों से अपील की कि वे आयोजन के दौरान पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें, यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें तथा अनुशासन बनाए रखते हुए आयोजन को सफल, सुरक्षित एवं गरिमामय बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं ।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती रेखा राठौर, डिप्टी कलेक्टर श्री वीरेंद्र कुमार कटारे, एसडीएम श्री सत्येंद्र बैरवा, नगर पालिका सीएमओ सुश्री कमला कौल, एसडीओपी श्री सौरभ तोमर, टीआई कोतवाली खरगोन श्री बीएल मंडलोई, आरआई श्री सोनू वर्मा, आरआई मुकेश हायरी व संबंधित विभागों के अधिकारी एवं शिव डोला समिति के सदस्य उपस्थित रहे ।