Breaking News in Primes

प्रेम-प्रसंग बना खूनी साजिश का कारण: युवक की हत्या कर शव जलाया, फिर इंस्टाग्राम से मांगी 50 लाख की फिरौती

0 4

News By-नितिन केसरवानी

सोरांव पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की बड़ी सफलता, 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

प्रयागराज:  गंगानगर जोन के सोरांव थाना क्षेत्र में लापता युवक सुमित कुमार उर्फ साहिल की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम-प्रसंग में प्रतिद्वंद्विता के चलते आरोपी ने पहले युवक की हथौड़े से हत्या की, फिर पहचान छिपाने के लिए शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इतना ही नहीं, पुलिस और परिवार को गुमराह करने के लिए मृतक के मोबाइल और इंस्टाग्राम अकाउंट का इस्तेमाल कर 50 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी।

पुलिस के अनुसार, भदरी गांव निवासी शिव प्रसाद ने 25 जुलाई को सूचना दी थी कि उनका 20 वर्षीय पुत्र सुमित कुमार उर्फ साहिल 23 जुलाई को बाल कटवाने की बात कहकर घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। इस पर सोरांव थाने में गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तलाश शुरू की।

30 जुलाई को फाफामऊ क्षेत्र के रंगपुरा कछार में एक युवक का जला हुआ शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों और हाथ में पहनी रॉड के आधार पर शव की पहचान सुमित के रूप में की। इसके बाद पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच तेज कर दी।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी शिवम राय (21) निवासी दुबरा जगदीशपुर कसारी, थाना नवाबगंज ने स्वीकार किया कि वह भी उसी युवती से प्रेम करता था जिससे सुमित का संबंध था। इसी रंजिश में उसने साजिश रचकर 23 जुलाई को सुमित को गंगाजी किनारे रेलवे लाइन के पास बुलाया। मोबाइल में फोटो देखने के बहाने मौका पाकर हथौड़े से सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने मृतक के मोबाइल और सिम कार्ड का इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम के जरिए परिवार को संदेश भेजे ताकि लगे कि सुमित जीवित है। आरोपी ने मृतक के परिजनों से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। परिजनों ने दो किस्तों में कुल 7 हजार रुपये भेज दिए। बाद में आरोपी ने मोबाइल तोड़कर झाड़ियों में फेंक दिया और नई इंस्टाग्राम आईडी बनाकर फिरौती मांगने का प्रयास करता रहा।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा और मृतक के दो सिम कार्ड बरामद कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया।

इस पूरे हत्याकांड का खुलासा पुलिस आयुक्त के निर्देशन में डीसीपी गंगानगर, एडीसीपी गंगानगर और एसीपी सोरांव के नेतृत्व में थाना सोरांव पुलिस तथा एसओजी/सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने किया। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपी तक पहुंचकर मामले का सफल अनावरण किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!