सांदीपनि विद्यालय पथरौला में कमिश्नर ने परखी शिक्षा की गुणवत्ता।कमिश्नर ने कराया अध्यापन। व्यवस्था एवं कोचिंग क्लासों की की सराहना।
सांदीपनि विद्यालय पथरौला में कमिश्नर ने परखी शिक्षा की गुणवत्ता।कमिश्नर ने कराया अध्यापन। व्यवस्था एवं कोचिंग क्लासों की की सराहना।
*अरविंद सिंह परिहार सीधी*
जिले के भ्रमण पर निकले संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह ने सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा के साथ सांदीपनि विद्यालय पथरौला पहुंच शैक्षणिक व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान
अधिकारियों ने
विद्यालय में संचालित नीट ऑनलाइन कोचिंग का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की तैयारी एवं शिक्षण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद विद्यालय परिसर का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने गणित विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर विद्यार्थियों की समझ और विषय पर पकड़ को परखा। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी विद्यार्थियों को अध्यापन कराया और गणित के प्रश्नों को समझाते हुए पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि बढ़ाई। अधिकारियों का विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर संवाद करना और पढ़ाई के स्तर को प्रत्यक्ष रूप से समझना निरीक्षण का प्रमुख हिस्सा रहा।
इस दौरान संभागायुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल विद्यालयी परीक्षाओं तक सीमित न रखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार किया जाना चाहिए। उन्होंने नीट, जेईई एवं क्लैट जैसी परीक्षाओं के लिए अधिकाधिक विद्यार्थियों को प्रेरित करने तथा उन्हें उचित मार्गदर्शन एवं शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सांदीपनि विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विद्यालय प्रबंधन की जमकर सराहना की। विशेष रूप से नीट की ऑनलाइन कोचिंग के संचालन के लिए विद्यालय का चयन किए जाने पर कलेक्टर के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने इस पहल को ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मझौली आकाश अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी पीके सिंह, जिला परियोजना समन्वयक विनय मिश्रा तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी मझौली शैलेन्द्र सिंह चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल रहे।