Breaking News in Primes

भरवारी को जाम से मिलेगी राहत: 13.61 करोड़ की लागत से अंडरपास निर्माण शुरू, जुलाई 2027 तक होगा तैयार

0 4

News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी

कौशाम्बी: भरवारी वर्षों से रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से परेशान भरवारी के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। शुक्रवार से रेलवे की ओर से स्वीकृत अंडरपास परियोजना का निर्माण कार्य शुरू हो गया। कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों ने निर्माण की नींव डालने का कार्य प्रारंभ कर दिया है। करीब 13.61 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह अंडरपास जुलाई 2027 तक तैयार होने की उम्मीद है।

भरवारी कस्बे के बीच स्थित रेलवे क्रॉसिंग प्रयागराज-कानपुर रेलखंड का एक व्यस्त फाटक है। इस मार्ग पर दिनभर ट्रेनों का लगातार आवागमन होने के कारण फाटक बार-बार बंद रहता है, जिससे कस्बे के लोगों, व्यापारियों, छात्रों और राहगीरों को लंबे समय तक जाम का सामना करना पड़ता है। अंडरपास बनने के बाद इस समस्या का स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद है।

निर्माणाधीन अंडरपास भरवारी बस स्टॉप से प्राथमिक विद्यालय होते हुए मंदिर परिसर के पास से पानी टंकी मोहल्ले के पंप हाउस तक बनाया जाएगा। इसके बाद यह रेलवे क्रॉसिंग से पश्चिम दिशा में लगभग 200 मीटर आगे निकलेगा। प्रस्तावित अंडरपास की लंबाई 75 मीटर, ऊंचाई ढाई मीटर तथा चौड़ाई ढाई मीटर होगी, जिससे बाइक, साइकिल और छोटे चार पहिया वाहनों का आवागमन आसानी से हो सकेगा।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति दिलाने में नगर अध्यक्ष कविता पासी की पहल महत्वपूर्ण रही। उन्होंने कस्बे में वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या को शासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से अंडरपास निर्माण की मांग की। शासन ने जनहित को देखते हुए प्रस्ताव को मंजूरी दी और रेलवे को निर्माण के लिए आवश्यक बजट भी जारी कर दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरपास बनने के बाद न केवल जाम से राहत मिलेगी, बल्कि बाजार, स्कूल, अस्पताल और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक पहुंच भी सुगम होगी। इससे समय की बचत के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। लंबे इंतजार के बाद शुरू हुआ यह निर्माण कार्य भरवारी के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है और कस्बेवासियों में इसे लेकर उत्साह का माहौल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!