Breaking News in Primes

प्रेम प्रसंग में किशोरी की हत्या से सनसनी, आरोपी गिरफ्तार

0 31

News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी

कौशाम्बी: जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा गांव में 14 वर्षीय किशोरी की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। खेत में किशोरी का शव मिलने के बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक राहुल सरोज को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार किशोरी मंगलवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि पड़ोस का रहने वाला राहुल सरोज उसे जबरन अपने साथ ले गया था। काफी तलाश के बाद बुधवार को गांव के बाहर एक खेत में किशोरी का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी और किशोरी के बीच प्रेम प्रसंग था। पूछताछ के दौरान आरोपी राहुल ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने दुपट्टे से गला घोंटकर किशोरी की हत्या कर दी। हत्या के बाद वह मौके से फरार हो गया था। परिजनों की नामजद तहरीर के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

हालांकि मृतका के परिजनों ने तीन लोगों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर खेत से शव बरामद किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और अन्य तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरत रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने और घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाने में जुटी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!