Breaking News in Primes

बड़ी खबर:हाई कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस विभाग में प्रमोशन प्रक्रिया तेज

डीजीपी ने जारी किए सख्त निर्देश, 15 दिन में पूरी होगी कार्यवाहक प्रभार की कार्रवाई

0 4

बड़ी खबर:हाई कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस विभाग में प्रमोशन प्रक्रिया तेज

 

डीजीपी ने जारी किए सख्त निर्देश, 15 दिन में पूरी होगी कार्यवाहक प्रभार की कार्रवाई

 

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में लंबे समय से लंबित प्रमोशन और कार्यवाहक प्रभार की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। हाई कोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश कैलाश मकवाणा द्वारा मंगलवार को स्पष्ट आदेश जारी करते हुए सभी जिला, रेंज और इकाई स्तर पर निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार आरक्षक से निरीक्षक स्तर तक तथा लिपिकीय संवर्ग के कर्मचारियों को उच्च पद का “कार्यवाहक प्रभार” देने की प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से प्रारंभ की जाएगी। इसके लिए जिला एवं रेंज स्तर पर तीन दिवस के भीतर समितियों का गठन किया जाएगा तथा 15 दिवस के भीतर पूरी कार्रवाई कर रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजना अनिवार्य होगा।

 

आदेश में यह भी कहा गया है कि पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समयमान वेतनमान, गोपनीय चरित्रावली और सेवा विवरण की प्रक्रिया एक सप्ताह में पूर्ण की जाए। डीजीपी ने सभी विशेष पुलिस महानिदेशक, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस आयुक्त और इकाई प्रमुखों को निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

 

जिला और रेंज स्तर पर बनेगी समिति, पुलिस कर्मियों को मिलेगा लाभ

 

आरक्षक से एएसआई स्तर तक स्थानीय स्तर पर होगी प्रक्रिया

 

जारी निर्देशों के अनुसार आरक्षक से प्रधान आरक्षक तक की कार्रवाई जिला एवं इकाई स्तर पर की जाएगी, जबकि प्रधान आरक्षक से सहायक उपनिरीक्षक स्तर तक की प्रक्रिया संबंधित रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पूरी कराई जाएगी। शेष संवर्ग की कार्रवाई पुलिस मुख्यालय स्तर पर संपन्न होगी।

 

पुलिस विभाग में लंबे समय से लंबित प्रमोशन को लेकर कर्मचारियों में असंतोष की स्थिति बनी हुई थी। ऐसे में हाई कोर्ट के आदेश के बाद जारी हुए इस निर्देश को पुलिस कर्मियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि समयसीमा तय होने से अब वर्षों से अटकी पदोन्नति और वेतनमान संबंधी प्रक्रियाओं में तेजी आएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!