केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को विदिशा संसदीय क्षेत्र में गेहूं उपार्जन की समीक्षा बैठक की कहा- किसान को हमारी जरूरत हमें उनके साथ खड़े रहना चाहिए।
-केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को विदिशा संसदीय क्षेत्र में गेहूं उपार्जन की समीक्षा बैठक की कहा- किसान को हमारी जरूरत हमें उनके साथ खड़े रहना चाहिए।
………………….
किसानों को हमारी जरूरत है- हमें उनके साथ खड़े रहना चाहिए- शिवराज सिंह चौहान
खरीदी में लापरवाही और गड़बड़ी पर जीरो टॉलरेंस- सीधे कड़ा एक्शन होगा- शिवराज सिंह चौहान
शिकायत मिलते ही 34 सर्वेयर्स हटाए गए, विदिशा में दो सर्वेयर्स पर FIR दर्ज की गई- शिवराज सिंह चौहान
किसानों के खून-पसीने से उपजा एक-एक दाना खरीदा जाएगा- शिवराज सिंह चौहान
खरीदी सीमा 78 लाख से बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन कर दी गई है- शिवराज सिंह चौहान
पारदर्शिता के साथ खरीदी जारी- किसान हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए गए- शिवराज सिंह चौहान
मामा कोचिंग क्लासेज में बच्चों को मिलेगा पढ़ाई से लेकर रोजगार तक मार्गदर्शन- शिवराज सिंह चौहान
केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को विदिशा पहुंचें और अपने संसदीय क्षेत्र के चारो जिले रायसेन विदिशा सीहोर और देवास में गेहूं उपार्जन की समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने जानकारी देते हुए कहा कि किसानों से उपार्जन और गेहूं खरीदी का काम निरंतर जारी है। विदिशा संसदीय क्षेत्र के चारों जिलों में खरीदी की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई है और अब व्यवस्थाओं में तेजी से सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले स्लॉट बुकिंग को लेकर जो समस्याएं सामने आ रही थीं
अब उनका समाधान कर लिया गया है और 80 फीसदी से भी ज्यादा किसानों के स्लॉट बुक हो चुके हैं। साथ ही सत्यापन से जुड़ी दिक्कतों को भी दूर किया गया है।

किसानों का एक-एक दाना खरीदा जाएगा
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि खरीद केंद्रों पर तुलाई क्षमता बढ़ाकर अब प्रतिदिन 2250 क्विंटल तक कर दी गई है साथ ही कांटों की संख्या भी बढ़ाई गई है। बारदानों की कमी को दूर करते हुए अगले तीन दिनों के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त बारदाने उपलब्ध करा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्लॉट बुकिंग कांटे और बारदानों से जुड़ी सभी प्रमुख समस्याओं का समाधान हो चुका है और मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के निर्देश पर खरीदी कार्य तेज गति से जारी है। किसानों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया है, ताकि किसी भी व्यक्तिगत समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कुछ स्थानों पर सर्वेयर्स की शिकायतें मिली थीं जिन पर कार्रवाई करते हुए कई सर्वेयर्स को हटाया गया है और विदिशा जिले में दो के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। उन्होंने साफ कहा है कि
यदि खरीदी में कहीं भी लापरवाही या गड़बड़ी पाई जाती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि, उनके खून-पसीने की मेहनत से उपजाया गया एक-एक दाना पूरी तरह से खरीदा जाएगा।
खरीदी प्रक्रिया तेज, समस्याओं के लिए कंट्रोल रूम तैयार
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लीज या कौली पर खेती करने वाले किसानों को भी किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी और उनका गेहूं भी खरीदा जा रहा है। सत्यापन से जुड़ी दिक्कतों के समाधान के लिए कलेक्टर कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाने का निर्णय लिया गया है, ताकि किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो सके। शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि विदिशा जिले में 87,913 पंजीकृत किसानों में से 72,027 के स्लॉट बुक हो चुके हैं और अब तक 36,442 किसानों से करीब 1.99 लाख मीट्रिक टन से भी ज्यादा गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। वहीं रायसेन जिले में 77,117 किसानों में से 68,639 के स्लॉट बुक हुए हैं और 32,374 किसानों से 1.80 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं खरीदा गया है। सीहोर जिले में कुल 1,02,485 किसानों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया था। उनमें से स्लॉट बुकिंग हुई है 89,259 किसानों की और अब तक 51,719 किसान अपना गेहूं बेच चुके हैं और लगभग 2,73,245 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है 240 खरीद केंद्रों से। उसी तरह देवास में 77,335 किसानों ने रजिस्ट्रेशन करवाया। 52,982 किसान स्लॉट बुक कर चुके हैं और 31,035 ने 1,48,301 मीट्रिक टन अपना गेहूं बेचा है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी पारदर्शिता और तेजी के साथ खरीदी प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है और किसानों के हितों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

खरीदी सीमा 100 लाख मीट्रिक टन तक बढ़ी
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश भर में गेहूं खरीदी का कार्य तेज़ी से जारी है और यदि आगे कोई समस्या आती है तो उसका युद्ध स्तर पर समाधान किया जाएगा। किसानों को अपने उत्पादन को बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और इसके लिए हर संभव उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष जहां 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हुई थी वहीं इस बार 78 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य तय किया गया था। लेकिन बेहतर उत्पादन को देखते हुए भारत सरकार की अनुमति से खरीदी की सीमा बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन कर दी गई है जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता है और उसके खून-पसीने की मेहनत का पूरा मूल्य दिलाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सर्वर और स्लॉट बुकिंग में पहले दबाव बढ़ने के कारण तकनीकी दिक्कतें आई थीं लेकिन अब स्थिति सामान्य हो गई है और दो-तीन दिनों में सभी किसानों के स्लॉट बुक हो जाने की संभावना है। बारदानों और मूलभूत सुविधाओं को लेकर उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी कमी है वहां तुरंत सुधार किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए छांव पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और दिन-रात प्रयास कर रही है कि किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य मिले।
10 मई से मामा कोचिंग क्लास का शुभारंभ
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विदिशा में 10 मई 2026 को ‘मामा कोचिंग क्लास’ का शुभारंभ किया जाएगा। यह पहल केवल कोचिंग तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि बच्चों को पढ़ाई से लेकर रोजगार तक मार्गदर्शन देने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का मतलब केवल सरकारी कार्यों तक सीमित नहीं है
बल्कि जनता की सेवा करना भी है। इसी सोच के साथ मैंने ऐसे कार्य करने का निर्णय लिया है, जो सीधे तौर पर लोगों को राहत और सुविधा प्रदान करें। साथ ही केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि कई बच्चे कोचिंग की महंगी फीस के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते इसी को ध्यान में रखते हुए ‘मामा कोचिंग क्लास’ शुरू की जा रही है

जहां चयनित बच्चों को ऑफलाइन कोचिंग दी जाएगी जबकि अन्य को ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य है कि क्षेत्र के बच्चे पीएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हो सकें। उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत कैरियर काउंसलिंग भी की जाएगी ताकि जिन बच्चों को नौकरी नहीं मिलती उन्हें स्वरोजगार और अन्य योजनाओं के बारे में मार्गदर्शन मिल सके। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस पहल की शुरुआत विदिशा से की जा रही है और जल्द ही रायसेन में भी इसी तरह की कोचिंग शुरू की जाएगी। शिक्षकों को लेकर उन्होंने कहा कि यहां स्थानीय और बाहरी दोनों तरह के योग्य शिक्षक उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि बच्चों को बेहतर गुणवत्ता की शिक्षा मिल सके। वहीं शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि दिव्यांगजनों की समस्याओं को देखते हुए उन्हें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का अभियान भी चलाया गया है, ताकि उन्हें चलने-फिरने में आसानी हो सके।