*महतारी वंदन योजना : हितग्राहियों का ई-केवाईसी 03 अप्रैल से
*
जांजगीर-चांपा महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों को प्रत्येक माह राशि निर्बाध रूप से प्राप्त हो सके, इसके लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ऐसे हितग्राही जिनका ई-केवाईसी नहीं हो पाया है, उनका ई-केवाईसी 03 अप्रैल 2026 से प्रारंभ किया गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि यह ई-केवाईसी अभियान 03 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत भवनों एवं शहरी क्षेत्रों में वार्ड कार्यालयों में ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि ई-केवाईसी तभी पूर्ण माना जाएगा, जब हितग्राही का नाम महतारी वंदन योजना के पंजीयन एवं आधार कार्ड में समान होगा। हितग्राही अपने निकटतम आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर पंजीकृत नाम का मिलान कर सकते हैं। यदि पंजीयन एवं आधार कार्ड में नाम में किसी प्रकार की त्रुटि या भिन्नता पाई जाती है, तो उसके निराकरण के लिए हितग्राही जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग जांजगीर-चांपा, संबंधित परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास परियोजना, पर्यवेक्षक अथवा अपने निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर विभाग द्वारा नाम में संशोधन की कार्यवाही की जाएगी।