Breaking News in Primes

बसंत पंचमी पर शीतला माता मंदिर परिसर में नृत्य धारा द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना”

0 102

बसंत पंचमी पर शीतला माता मंदिर परिसर में नृत्य धारा द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना”

किरंदुल: बसंत पंचमी के पावन अवसर पर नगर के फुटबॉल ग्राउंड स्थित शीतला माता मंदिर ज्ञान, संगीत और श्रद्धा के रंगों से सराबोर हो उठा। नृत्य धारा संस्था के तत्वावधान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पीले पुष्पों से सुसज्जित मंदिर प्रांगण और मधुर भक्ति संगीत के बीच ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो बसंत स्वयं अवतरित हो गया हो। विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं ने मां वीणावादिनी को पुष्पांजलि अर्पित कर विद्या, विवेक और सृजनशीलता का आशीर्वाद मांगा। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप खिचड़ी का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर विशाखापट्टनम में 27 से 29 दिसंबर 2025 तक आयोजित प्रतिष्ठित ऑल इंडिया डांस कंपटीशन ‘सागर समागम’ में किरंदुल स्थित नित्य धारा डांस इंस्टीट्यूट के बच्चों की शानदार उपलब्धियों की भी सराहना की गई। प्रतियोगिता में संस्थान के होनहार बच्चों ने अपनी उत्कृष्ट नृत्य प्रतिभा से कई शीर्ष पुरस्कार अपने नाम किए। वहीं आर. कृतिका को उनकी असाधारण प्रस्तुति के लिए “आउटस्टैंडिंग परफॉर्मेंस ऑफ द डे” सम्मान से नवाजा गया। बच्चों की निरंतर उत्कृष्टता और कलात्मक अनुशासन से प्रभावित होकर आयोजक समिति द्वारा नित्य धारा डांस इंस्टीट्यूट को “ऑल ओवर बेस्ट चैंपियनशिप ट्रॉफी” प्रदान की गई। साथ ही संस्थान के मार्गदर्शक एवं गुरु नेपाल मल्लिक को नृत्य कला में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए “सोमेंद्र आचार्य सम्मान” से सम्मानित किया गया। बसंत पंचमी के इस शुभ अवसर पर सभी विजेताओं को एस.के.एम.एस. के कार्यकारी अध्यक्ष रोशन मिश्रा, शीतला माता समिति के अध्यक्ष रामादिन पटेल, सचिव दिनेश साहू के करकमलों से प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम ने जहां सांस्कृतिक एकता और परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया, वहीं बच्चों और युवाओं में कला के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार भी किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!