सगाई से लौट रहे दंपती की बाइक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी टक्कर — पति की मौके पर मौत, पत्नी और साथी गंभीर घायल
News By- हिमांशु उपाध्याय/ नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: खुशियों का माहौल कुछ ही पल में मातम में बदल गया, जब सगाई समारोह से लौट रहे दंपती की बाइक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना बुधवार देर शाम पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पुनवार गांव के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कृष्ण कोरी (30 वर्ष) पुत्र पप्पू कोरी, निवासी फतेहपुर थाना पश्चिम शरीरा के रूप में हुई है। कृष्ण अपनी पत्नी सुनीता देवी और मित्र मनोज कुमार पुत्र बीरबली के साथ सगाई समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही तीनों पुनवार गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रहा एक अनियंत्रित व तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक उनकी बाइक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि कृष्ण कोरी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी सुनीता देवी और साथी मनोज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं गांव में हादसे के बाद से शोक का माहौल है। खुशियों से लौट रहे परिवार पर अचानक टूटी इस त्रासदी ने सभी को स्तब्ध कर दिया।