News By-नितिन केसरवानी
प्रयागराज: जनपद के नव नियुक्त जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बुधवार रात कोषागार में औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। रात करीब 11:30 बजे उन्होंने अधिकारियों की उपस्थिति में जिलाधिकारी का पदभार संभाला। मुख्य कोषाधिकारी प्रत्युष कुमार द्विवेदी ने कार्यभार ग्रहण की प्रक्रिया पूरी कराई। देर रात होने के कारण नवागत डीएम ने संक्षिप्त रूप से जिले के अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और उनसे उनके विभागीय कार्यों की जानकारी ली। इससे पहले प्रयागराज के जिलाधिकारी रहे रविंद्र कुमार मांदड़ का तबादला गाजियाबाद कर दिया गया है, जिसके बाद गौतमबुद्ध नगर के डीएम रहे मनीष कुमार वर्मा को प्रयागराज का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया।