Breaking News in Primes

कौशाम्बी में सनसनीखेज वारदात: खाना बनाने की तैयारी कर रही महिला की सिर कूचकर हत्या, आंगन में खून से लथपथ मिला शव

0 19

News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी

भरवारी का दशहरा मेला देखने गया था पूरा परिवार, घर लौटते ही मच गई चीख-पुकार; मिट्टी के चूल्हे में जल रही थी आग, पास में कटी रखी थी सब्जी

कौशाम्बी: कोखराज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गिरसा गांव में शुक्रवार की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। घर में अकेली रह रही 55 वर्षीय महिला की अज्ञात हमलावर ने सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के समय महिला का पति, चार बेटियां और दामाद भरवारी में आयोजित दशहरा मेला देखने गए हुए थे। परिवार जब देर रात करीब 10:30 बजे घर लौटा तो आंगन में महिला का खून से लथपथ शव देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते घर में चीख-पुकार मच गई और गांव में सनसनी फैल गई।

जानकारी के मुताबिक रसूलपुर गिरसा गांव निवासी गिरधारी लाल सरोज खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी पत्नी राजमती (55) शुक्रवार की रात घर पर अकेली थीं। परिवार के अन्य सदस्य भरवारी में दशहरा मेला देखने गए थे। बताया जा रहा है कि राजमती रात में परिवार के लिए खाना बनाने की तैयारी कर रही थीं। घर के अंदर मिट्टी के चूल्हे में आग जल रही थी और पास में सब्जी काटकर रखी हुई थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर उन पर हमला कर दिया। हमलावर ने सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर उनकी जान ले ली।

देर रात जब पति और परिवार के अन्य सदस्य मेला देखकर घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। अंदर आंगन में राजमती का शव पड़ा देखकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और पूरा आंगन खून से सना हुआ था। परिवार के सदस्यों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

महिला की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत, अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह और सिराथू क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कई सवाल छोड़ गई वारदात, हत्या की वजह तलाश रही पुलिस

घर में खाना बनाने की तैयारी के बीच महिला की हत्या किए जाने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर हमलावर घर में कैसे दाखिल हुआ? क्या महिला हमलावर को जानती थी या किसी ने मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया? घर का मुख्य दरवाजा खुला मिलना और परिवार की गैरमौजूदगी में हत्या होना भी जांच का विषय है।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और न ही हमलावर की पहचान हो पाई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच-पड़ताल में जुटी है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में भी दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!