Breaking News in Primes

मध्य प्रदेश / बैतूल / मिशनरी स्कूल में चर्च संचालन की शिकायत के बाद प्रशासन ने लगाया ताला 

0 33

मध्य प्रदेश / बैतूल / मिशनरी स्कूल में चर्च संचालन की शिकायत के बाद प्रशासन ने लगाया ताला

 

धर्मांतरण के आरोपों के बाद मिशनरी स्कूल परिसर में चर्च पर प्रशासन की कार्रवाई

 

हिंदू संगठनों के विरोध के बाद मिशनरी स्कूल पहुंची प्रशासनिक टीम

 

 

बैतूल। मिशनरी प्राथमिक शाला परिसर में

बिना अनुमति चर्च संचालन और हिंदू परिवार के धर्मांतरण के आरोपों को लेकर शिकायतों के बाद प्रशासन ने मंगलवार को स्कूल परिसर की जांच की। जिला शिक्षा अधिकारी सहित प्रशासनिक टीम ने स्कूल पहुंचकर लीज संबंधी दस्तावेज, स्कूल में अध्ययनरत बच्चों की संख्या, चर्च संचालन की अनुमति और परिसर में संचालित अन्य गतिविधियों की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान स्कूल परिसर की दूसरी बिल्डिंग में संचालित चर्च संबंधी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने नोटिस चस्पा कर भवन पर ताला लगा दिया।

मामले को लेकर राष्ट्रीय हिंदू सेना, हिंदू जागरण मंच, कोरकू समाज संगठन सहित अन्य हिंदू संगठनों ने शिकायत और विरोध प्रदर्शन किया था। राष्ट्रीय हिंदू सेना के जिला मंत्री राज यादव ने बताया कि 27 सितंबर को सदर बाजार स्थित मिशनरी प्राथमिक स्कूल परिसर में बिना अनुमति चर्च संचालित कर हिंदू परिवार का धर्मांतरण किए जाने के आरोप को लेकर संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

राज यादव के अनुसार, कार्रवाई के बाद हिंदू संगठनों के विशेष दल ने बैतूल कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जिला शिक्षा अधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में स्कूल की लीज, चर्च संचालन करने वालों की जानकारी, स्कूल में अध्ययनरत बच्चों की संख्या, चर्च संचालन की अनुमति सहित परिसर में चल रही गतिविधियों की जांच और कार्रवाई की मांग की गई थी।

राष्ट्रीय हिंदू सेना के जिला युवा महामंत्री अमित यादव ने बताया कि 6 अक्टूबर को जिला शिक्षा अधिकारी और बैतूल प्रशासन की टीम मिशनरी प्राथमिक स्कूल परिसर पहुंची। इस दौरान शिकायतकर्ता संगठन के राष्ट्रीय हिंदू सेना प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय और प्रदेश संयोजक पवन मालवीय की मौजूदगी में मामले की जांच की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्कूल से संबंधित दस्तावेजों और परिसर में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। अधिकारियों द्वारा की गई संपूर्ण जांच की रिपोर्ट जिला कलेक्टर को सौंपी जाएगी।

 

संगठन पदाधिकारियों के मुताबिक प्रशासन ने स्कूल परिसर की दूसरी बिल्डिंग में संचालित चर्च की गतिविधियों को लेकर मौके पर कार्रवाई करते हुए भवन पर नोटिस चस्पा किया और ताला लगा दिया। प्रशासनिक जांच में स्कूल भवन की लीज और उसके उपयोग की स्थिति, स्कूल संचालन की मान्यता व अनुमति, परिसर में चर्च या धार्मिक गतिविधियों के संचालन की अनुमति, बच्चों की संख्या व प्रवेश संबंधी रिकॉर्ड, चर्च संचालित करने वाले व्यक्तियों की जानकारी, परिसर में संचालित संस्थाओं की वैधानिक स्थिति तथा संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसके अलावा शिकायत में लगाए गए धर्मांतरण के आरोपों से संबंधित गतिविधियों और उपलब्ध साक्ष्यों की भी संबंधित एजेंसियों द्वारा जांच की जा रही है। मामले में राष्ट्रीय हिंदू सेना की ओर से प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय, प्रदेश संयोजक पवन मालवीय, जिला मंत्री राज यादव, युवा महामंत्री अमित राजपूत, प्रखंड गौ रक्षा प्रमुख गौरीशंकर गजामे और अनिल यादव मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!