भरवारी में संचारी रोगों पर वार: नगर प्रशासन की टीम ने वार्डों में चलाया व्यापक एंटीलार्वा छिड़काव अभियान
News By-नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: भरवारी संचारी रोगों की रोकथाम और नागरिकों को स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद भरवारी द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। अध्यक्ष कविता पासी तथा अधिशासी अधिकारी रामसिंह के निर्देशन में नगर के विभिन्न वार्डों में नियमित रूप से एंटीलार्वा दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है।

अभियान के तहत पालिका की विशेष टीम निर्धारित रोस्टर के अनुसार वार्डों में जाकर जलभराव वाले स्थलों और संभावित मच्छर प्रजनन केंद्रों को चिन्हित कर रही है। चिन्हित जगहों पर मच्छर के लार्वा को नष्ट करने के लिए दवाइयों का छिड़काव किया जा रहा है।अध्यक्ष कविता पासी और अधिशासी अधिकारी रामसिंह ने बताया कि क्षेत्रवासियों को मौसमी बीमारियों व संचारी रोगों से बचाना नगर पालिका की प्राथमिकता है। नगर पालिका की टीम स्वच्छता बनाए रखने और मच्छर नियंत्रण के लिए निरंतर धरातल पर कार्य कर रही है। इसके साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने आसपास पानी इकट्ठा न होने दें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।