Breaking News in Primes

अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर करेंगे समस्याओं का समाधान :- कुंवर सिंह 

0 2

अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर करेंगे समस्याओं का समाधान :- कुंवर सिंह

 

भुइमाड में आयोजित हुई प्रथम मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शिविर, विधायक ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

 

*अरविंद सिंह परिहार सीधी*

 

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और प्रशासन को सीधे जनता के बीच ले जाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 का शुभारंभ शुक्रवार को कुसमी विकासखंड के भुईमाड़ में हुआ। अभियान के तहत केशलार, कैरल, गैवटा, सोनगढ़, अमरोला एवं भुईमाड़ ग्रामों के लिए संयुक्त शिविर क्षेत्रीय विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम के मुख्य अतिथि में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विद्यार्थियों तथा जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

 

कार्यक्रम में विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु है। इसका उद्देश्य पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना, लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना तथा प्रशासन को गांव-गांव तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यदि कोई पात्र व्यक्ति किसी योजना से वंचित है तो इस अभियान के माध्यम से उसकी समस्या का त्वरित निराकरण किया जाएगा।

 

विधायक ने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार अधिकारी कार्यालयों तक सीमित न रहकर गांवों और शहरी क्षेत्रों में पहुंचेंगे। शिविरों के माध्यम से आयुष्मान भारत कार्ड, समग्र आईडी ई-केवाईसी, किसान आईडी सहित विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली।

 

जनपद पंचायत कुसमी की अध्यक्ष श्यामवती सिंह ने विद्यार्थियों से चर्चा कर विद्यालय की सुविधाओं, पढ़ाई और साइकिल वितरण जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक मामलों में अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

उपखंड अधिकारी सागर जैन ने कहा कि यह अभियान प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाने की प्रभावी पहल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें। वहीं जनपद पंचायत कुसमी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज्ञानेंद्र द्विवेदी ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से शिविरों का अधिकतम लाभ लेने की अपील की।

 

अभियान के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र तथा शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भुईमाड़ का निरीक्षण कर पेयजल, शौचालय, कक्षाओं की स्थिति, विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र में शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने, समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासन एवं नागरिकों के बीच विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई।

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No videos found.

Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!