लोकेशन धामनोद
संवाददाता मोनु पटेल
सुंन्द्रेल में ट्रैक्टर निकालने को लेकर विवाद हिंसक, तलवारबाजी में 6 घायल
धामनोद। धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम सुंन्द्रेल में ट्रैक्टर निकालने के लिए ठेला हटाने की बात को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद मंगलवार शाम हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुए संघर्ष में तलवार सहित धारदार हथियारों से हमला किए जाने की घटना में कुल 6 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 4 बजे ट्रैक्टर निकालने के दौरान ठेला हटाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष शिकायत दर्ज कराने धामनोद थाने पहुंचा। इसी बीच विवाद फिर भड़क गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि इस दौरान तलवार एवं अन्य धारदार हथियारों से हमला किया गया।
घटना में घायल सभी सात लोगों को तत्काल धामनोद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉ. श्वेता सांवले ने उनका प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों की चिकित्सकीय निगरानी की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संतोष यादव के निर्देशन में धामनोद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।