News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
भरवारी स्टेशन से टेंगाई तक रची गई साजिश, शादी के कुछ घंटे बाद ही दुल्हन साथियों संग हुई गायब
भरवारी/कौशांबी: कोखराज थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अलीगढ़ से शादी करने आए दो युवकों से कथित दलालों ने शादी कराने के नाम पर ₹1.52 लाख वसूल लिए और शादी के कुछ घंटे बाद ही दुल्हन अपने साथियों के साथ फरार हो गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अलीगढ़ जिले के थाना खैर क्षेत्र के रंजीतगढ़ी गांव निवासी राहुल कुमार पुत्र जितेंद्र सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने साथी पंकज पुत्र जगदीश, निवासी धंतोली, थाना गौडा (अलीगढ़) के साथ शनिवार सुबह भरवारी रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। यहां से कथित दलाल गुड्डू के बताए स्थान ग्राम टेंगाई स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां पहले से एक महिला, एक युवती और दलाल मौजूद थे।
पीड़ित के अनुसार, मंदिर में युवती के साथ शादी कराई गई। शादी से पहले तय समझौते के अनुसार दलालों ने ₹1.52 लाख ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और नकद के रूप में ले लिए। शादी के बाद सभी ने साथ में भोजन किया और शाम को भरवारी रेलवे स्टेशन लौटने लगे।

राहुल का आरोप है कि रास्ते में खोरांव के पास दुल्हन और उसके साथी अचानक गाली-गलौज करने लगे तथा जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इसके बाद उन्हें अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ।
पीड़ित की शिकायत पर कोखराज थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।