पांच मूर्ति स्थल विकास कार्य की स्वीकृति हेतु जनप्रतिनिधियों को भेजा गया प्रस्ताव
भीमपुर (बैतूल)। ग्राम पंचायत भीमपुर ने आदर्श पिपरिया जोड़ स्थित प्रसिद्ध पांच मूर्ति स्थल के विकास कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों को प्रस्ताव भेजकर शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति एवं निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की मांग की है।
प्रस्ताव में उल्लेख किया गया है कि पांच मूर्ति स्थल पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विकास के लिए विधायक बैतूल श्री हेमंत खंडेलवाल एवं विधायक भैंसदेही श्री महेंद्र सिंह चौहान द्वारा 25-25 लाख रुपये, कुल 50 लाख रुपये की राशि की घोषणा की गई थी।
ग्राम पंचायत का कहना है कि पांच मूर्ति स्थल क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और सामाजिक पहचान का प्रमुख केंद्र है। यहां विकास कार्य होने से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र के पर्यटन एवं समग्र विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
पंचायत ने अपने निवेदन में मांग की है कि घोषित राशि के अनुरूप निर्माण कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति शीघ्र जारी की जाए तथा संबंधित विभागों को कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षाएं पूरी हो सकें।
ग्राम पंचायत भीमपुर के सरपंच, सचिव एवं पंचों द्वारा हस्ताक्षरित इस प्रस्ताव के साथ ग्राम पंचायत का प्रस्ताव भी संलग्न किया गया है। क्षेत्रवासियों ने जनप्रतिनिधियों से सकारात्मक निर्णय लेकर विकास कार्यों को जल्द धरातल पर उतारने की अपेक्षा जताई है।