Breaking News in Primes

आरक्षी भर्ती परीक्षा की तैयारियों का आईजी ने लिया जायजा, निष्पक्षता पर दिया जोर

0 7

News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी

कौशाम्बी: उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रयागराज परिक्षेत्र के आईजी अजय कुमार मिश्र ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय कौशाम्बी में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक के दौरान आईजी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अभ्यर्थियों की सघन जांच कराने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आईजी ने अधिकारियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के साथ कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता एवं बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सरकार और पुलिस विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण, अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान भर्ती परीक्षा को लेकर की गई तैयारियां संतोषजनक पाई गईं। अधिकारियों ने परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण होने की जानकारी दी।

आईजी अजय कुमार मिश्र के निर्देशन में कौशाम्बी में आरक्षी भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त नजर आ रही हैं, जिससे निष्पक्ष एवं सुरक्षित परीक्षा कराने के प्रशासनिक संकल्प को बल मिला है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!