धामनोद में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो के अनियंत्रित हो कर पलटने से, दक्ष उर्फ बाबू की मौत, संदीप गंभीर घायल
लोकेशन धामनोद
सवाददाता मोनु पटेल
धामनोद में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो के अनियंत्रित हो कर पलटने से, दक्ष उर्फ बाबू की मौत, संदीप गंभीर घायल
धामनोद, जिला धार। धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे महेश्वर रोड पर आईटीआई के समीप भीषण सड़क हादसा हो गया। इंदौर से महेश्वर की ओर जा रही स्कॉर्पियो कार निमरानी फांटे के पास अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। इसके बाद कार 5 से 6 बार पलटी खाते हुए सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में दक्ष उर्फ बाबू की मौत हो गई, जबकि संदीप गहलोत गंभीर रूप से घायल हो गए।
क्रेन की मदद से एक घंटे बाद निकाला

हादसा इतना भीषण था कि दक्ष उर्फ बाबू कार के नीचे दब गए। उनके साथी काफी देर तक उन्हें तलाशते रहे। बाद में कार के नीचे दबे होने की जानकारी मिलने पर क्रेन बुलाई गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया।
पुलिस ने संभाली व्यवस्था
हादसे के बाद बिजली के तार सड़क पर बिखर गए, जिससे मौके पर खतरा पैदा हो गया। सूचना मिलते ही धामनोद पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था संभाली। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामनोद ले जाया गया, जहां डॉ. बबलू निनवाल ने दक्ष उर्फ बाबू को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल संदीप गहलोत को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया।
मृतक की पहचान दक्ष उर्फ बाबू, पिता सुभाष यादव, निवासी महेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।