News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: करारी थाना पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से 14 वर्षीय गुमशुदा किशोर को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। किशोर के मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार करारी थाना क्षेत्र के प्योहर गांव निवासी 14 वर्षीय प्रिंस दिवाकर 4 जून को घर से लापता हो गया था। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए करारी पुलिस ने सर्विलांस टीम की सहायता ली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर किशोर की तलाश तेज कर दी।
पुलिस की सक्रियता और सतत प्रयासों के चलते गुमशुदा किशोर को 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर किशोर को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
परिजनों ने किशोर की शीघ्र बरामदगी पर करारी पुलिस और सर्विलांस टीम का आभार व्यक्त किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बच्चों और किशोरों की गुमशुदगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर उन्हें सुरक्षित बरामद करना पुलिस की प्राथमिकता है।