Breaking News in Primes

रोटरी क्लब की गरबा प्रतियोगिता में गोपालपुरा का मां चामुंडा गरबा मंडल प्रथम

0 30

लोकेशन धामनोद

 

 

रोटरी क्लब की गरबा प्रतियोगिता में गोपालपुरा का मां चामुंडा गरबा मंडल प्रथम

 

धामनोद। रोटरी क्लब धामनोद द्वारा गुरुवार रात्रि को मां अंबिका देवी मंदिर प्रांगण (बहुचरा धाम) में भव्य गरबा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। हजारों दर्शकों की उपस्थिति में आयोजित इस प्रतियोगिता में करीब 16 टीमों ने भाग लिया। आकर्षक गरबा प्रस्तुतियों के बीच मां चामुंडा गरबा मंडल गोपालपुरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में धामनोद सहित बलवाड़ा, झिरनिया, गोपालपुरा, भगवानपुरा, धवली (जिला बड़वानी), लेपा मंडलेश्वर, बागोद, ओझर, कसरावद और भीकनगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों की टीमों ने भागीदारी की। प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक गरबा प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में धरमपुरी विधायक , रोटरी डिस्ट्रिक्ट के डीजीएन एवं डिजियाना ग्रुप के सीएमडी सुखदेव सिंह घुम्मन तथा मंदिर समिति के अशोक लखपति अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथि परिचय रोटरी सदस्य मनीष छाबड़ा ने दिया। रोटरी अध्यक्ष राधेश्याम धाड़िया ने क्लब के सेवा कार्यों की जानकारी दी, जबकि कार्यक्रम संयोजक संजय पंवार ने गरबा प्रतियोगिता के आयोजन के संबंध में विस्तार से बताया।

विधायक ने आयोजन की सराहना करते हुए घोषणा की कि यदि रोटरी क्लब अगले वर्ष भी गरबा प्रतियोगिता का आयोजन करता है, तो उनकी ओर से प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹1 लाख की राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, सुखदेव सिंह घुम्मन ने रोटरी क्लब को सफल आयोजन की बधाई देते हुए स्थायी सेवा प्रकल्प शुरू करने की बात कही।

विजेता टीमों को मिले नकद पुरस्कार

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर मां चामुंडा गरबा मंडल, गोपालपुरा रहा। टीम को एकता ग्रुप एवं डीपीएस ग्रुप की ओर से ₹31,000 का नकद पुरस्कार दिया गया।

द्वितीय स्थान जय भवानी गरबा मंडल, मोहनखेड़ी (भीकनगांव) ने प्राप्त किया। टीम को श्री आदिशक्ति ग्रुप की ओर से ₹21,000 की राशि प्रदान की गई। तृतीय स्थान विनायक गरबा मंडल, ओझर-कसरावद ने हासिल किया, जिसे पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश पटेल की ओर से ₹11,000 का पुरस्कार दिया गया

 

प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को नकद राशि के साथ मध्यप्रदेश पंचायत सचिव संघ के अध्यक्ष सेवकराम चौधरी की ओर से ट्रॉफियां भी प्रदान की गईं।

व्यक्तिगत पुरस्कारों में निमसर, बागोद की प्रियांशी को रोटरी क्लब की ओर से शील्ड एवं ₹500 की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा दर्शकों एवं अन्य सहयोगियों की ओर से भी विभिन्न टीमों और प्रतिभागियों को हजारों रुपये के व्यक्तिगत नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का संचालन संजय पाटीदार एवं विकास पटेल ने किया तथा आभार विजय शर्मा ने माना। प्रतियोगिता के समापन के बाद गैर-प्रतियोगी प्रस्तुतियां भी दी गईं। इस अवसर पर रोटरी क्लब के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!