Breaking News in Primes

विवादित वक्फ भूमि पर खुदाई से बढ़ा बवाल!” — ईदगाह-कब्रिस्तान की जमीन पर निर्माण को लेकर भड़का विवाद, सुन्नी समाज ने पुलिस-प्रशासन से लगाई रोक की गुहार

0 1

हेडलाइन

विवादित वक्फ भूमि पर खुदाई से बढ़ा बवाल!” — ईदगाह-कब्रिस्तान की जमीन पर निर्माण को लेकर भड़का विवाद, सुन्नी समाज ने पुलिस-प्रशासन से लगाई रोक की गुहार

दैनिक

प्राईम संदेश कोरिया एमसीबी छत्तीसगढ़

स्टेट हेड अजीमुदिन अंसारी

 

 

मनेंद्रगढ़/एमसीबी।

मनेंद्रगढ़ शहर में वक्फ संपत्ति को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। ग्राम चनवारीडांड स्थित कथित विवादित वक्फ भूमि पर खुदाई एवं निर्माण कार्य शुरू होने के बाद सुन्नी अंजुमन के लोगों ने पुलिस और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। मामले को लेकर सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़ में लिखित शिकायत सौंपते हुए कानून व्यवस्था बिगड़ने और साम्प्रदायिक तनाव की आशंका जताई गई है।

“ईदगाह और कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध निर्माण” — शिकायत में गंभीर आरोप

शिकायतकर्ताओं ने बताया कि ग्राम चनवारीडांड, प.ह.न. 13 स्थित खसरा नंबर 489 रकबा 0.77 हेक्टेयर एवं खसरा नंबर 493 रकबा 1.95 हेक्टेयर वक्फ संपत्ति है, जो मध्यप्रदेश राज्य वक्फ बोर्ड के राजपत्र दिनांक 25 अगस्त 1989 तथा छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के राजपत्र दिनांक 13 अप्रैल 2023 में क्रमशः “ईदगाह” एवं “कब्रिस्तान” के नाम से दर्ज है।

आरोप लगाया गया है कि अंजुमन इस्लामिया कमेटी जामा मस्जिद मनेंद्रगढ़ के मुतवल्ली राशिद अली द्वारा खसरा नंबर 489 स्थित विवादित भूमि पर बड़ा गड्ढा खुदवाकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है, जबकि इस भूमि से संबंधित मामला वर्तमान में एसडीएम न्यायालय मनेंद्रगढ़ में विचाराधीन है।

“पूरे मुस्लिम समाज की आस्था से जुड़ी है जमीन”

समस्त सुन्नी अंजुमन मनेंद्रगढ़ के लोगों ने कहा कि वर्षों से खसरा नंबर 489 में जनाजे की नमाज अदा की जाती रही है तथा खसरा नंबर 493 स्थित कब्रिस्तान में जनाजों को सुपुर्द-ए-खाक किया जाता है। उनका कहना है कि यह भूमि किसी व्यक्ति विशेष या संस्था की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि सार्वजनिक वक्फ संपत्ति है, जिसका उपयोग पूरे मुस्लिम समाज द्वारा किया जाता रहा है।

कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताई

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस भूमि को लेकर पूर्व में भी विवाद और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। ऐसे में न्यायालय में मामला लंबित रहने के बावजूद विवादित भूमि पर खुदाई और निर्माण कार्य किए जाने से शहर में कानून व्यवस्था बिगड़ सकती है तथा साम्प्रदायिक तनाव उत्पन्न होने की आशंका है।

पुलिस-प्रशासन से तत्काल रोक लगाने की मांग

सुन्नी अंजुमन के अवाम ने थाना प्रभारी सिटी कोतवाली से मांग की है कि तत्काल स्थल निरीक्षण कर विवादित वक्फ भूमि पर चल रहे खुदाई एवं निर्माण कार्य को रुकवाया जाए तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए।

इस संबंध में शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर एमसीबी एवं एसडीएम मनेंद्रगढ़ को भी भेजी गई है। मामले को लेकर शहर में चर्चाओं का माहौल गर्म है और लोगों की नजर अब प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!