Breaking News in Primes

मटके फोड़े, चूड़ियां फेंकी, भाजपा नीत नगर पालिका के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

0 12

जुन्नारदेव में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन : मटके फोड़े, चूड़ियां फेंकी, भाजपा नीत नगर पालिका के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

 

जुन्नारदेव। नगर की बदहाल पेयजल व्यवस्था, अधूरे निर्माण कार्य, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं को लेकर आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुन्नारदेव ने भाजपा नीत नगर पालिका परिषद के खिलाफ जोरदार आक्रोश रैली निकालते हुए नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और राज्यपाल के नाम मुख्य नगरपालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच एवं दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

 

आंदोलन के दौरान कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका प्रांगण में मटके फोड़कर जल संकट के प्रति अपना आक्रोश जताया तथा चूड़ियां फेंककर नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने “भ्रष्टाचार बंद करो”, “जनता को पानी दो”, “नगरपालिका होश में आओ” जैसे नारे लगाकर पूरे नगर का माहौल गरमा दिया।

 

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जुन्नारदेव नगर में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। नगरवासियों को महीने में मात्र कुछ दिन ही पानी मिल पा रहा है, जबकि पूरे महीने का बिल वसूला जा रहा है। दूषित पानी सप्लाई होने से आमजन बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।

 

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि पाइप लाइन विस्तार के नाम पर मुख्य सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करोड़ों रुपए की लागत से बनी सड़कों को क्षतिग्रस्त कर अधूरा छोड़ दिया गया है तथा निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप भी लगाया गया। कांग्रेस ने कहा कि यदि कोई दुर्घटना होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।

 

कांग्रेस नेताओं ने नगरपालिका में डीजल खर्च में लाखों रुपए के भ्रष्टाचार, टैंकरों के माध्यम से पेयजल सप्लाई में अनियमितता तथा स्वीकृत पेयजल योजनाओं के अधूरे पड़े रहने के आरोप भी लगाए। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि मंडान डेम पेयजल योजना सहित कई योजनाएं वर्षों से लंबित हैं, जिससे नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग पानी के लिए परेशान हैं।

 

रैली के दौरान नगर की गंदगी, नालियों की सफाई नहीं होने, बढ़ते मच्छरों और संक्रामक बीमारियों को लेकर भी कांग्रेस ने भाजपा परिषद को घेरा। कांग्रेस का कहना था कि नगर में फॉगिंग मशीन नदारद है और महीनों तक नालियों की सफाई नहीं होती। वहीं सुलभ कॉम्प्लेक्स और सार्वजनिक शौचालयों की बदहाल स्थिति से नागरिकों में भारी नाराजगी है।

 

ज्ञापन में नगर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चर्च से लेकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया तक बने ओवरब्रिज की अधिकांश लाइटें बंद हैं तथा कई वार्डों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है।

 

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन, धरना और जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

 

इस विशाल आक्रोश रैली में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला कांग्रेस कार्यकर्ता एवं सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे आंदोलन के दौरान नगर पालिका परिसर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नारों से गूंजता रहा।

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No videos found.

Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!