News By-नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मूरतगंज में बृहस्पतिवार को फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की शुरुआत की गई। नगर पालिका परिषद भरवारी की अध्यक्ष कविता पासी ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा और पेट के कीड़े मारने वाली एल्बेंडाजोल गोली का सेवन कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और निर्धारित दवाओं का सेवन करने की अपील की।
नगर अध्यक्ष कविता पासी ने कहा कि फाइलेरिया यानी हाथीपांव एक गंभीर बीमारी है। इसके कारण व्यक्ति को आजीवन विकलांगता का सामना करना पड़ सकता है। इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका निर्धारित समय पर फाइलेरिया रोधी दवाओं का सेवन करना है। उन्होंने कहा कि लोग किसी भी तरह की भ्रांति में न पड़ें और स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जा रही दवाओं का सेवन करें। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया मुक्त समाज बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। स्वयं दवा खाने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि बीमारी के संक्रमण को रोका जा सके। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे। डॉ आदित्य कुमार,डॉ गुलाम अली,फार्मासिस्ट राजेंद्र सिंह, चन्द्रकांत पाण्डेय सहित अन्य कई कर्मी व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
