News By-नितिन केसरवानी
बाउंड्रीवाल, पाथवे और पानी की टंकी का हो रहा निर्माण, हरा-भरा और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने का संकल्प
कौशाम्बी: नगर पालिका परिषद भरवारी के वार्ड नंबर छह बालाजी नगर के समयी का पूरा स्थित पार्क को आधुनिक और आकर्षक बनाने की दिशा में निर्माण कार्य कराया जा रहा है। सोमवार को नगर अध्यक्ष कविता पासी ने मौके पर पहुंचकर पार्क में हो रहे बाउंड्रीवाल, पाथवे और पानी की टंकी के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति देखी और संबंधित लोगों से आवश्यक जानकारी ली।

नगर अध्यक्ष ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसी क्रम में बालाजी नगर के समयी का पूरा स्थित पार्क को सुविधाओं से युक्त और हरा-भरा बनाया जा रहा है। पार्क में बाउंड्रीवाल बनने से जहां सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी, वहीं पाथवे बनने से लोगों को सुबह-शाम टहलने और व्यायाम करने की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही पानी की टंकी का निर्माण होने से पार्क में पेड़-पौधों की देखभाल और अन्य जरूरतों के लिए पानी उपलब्ध रहेगा। कविता पासी ने कहा कि हमारा संकल्प है कि स्थानीय नागरिकों को एक बेहतरीन, हरा-भरा और आधुनिक पार्क जल्द से जल्द समर्पित किया जाए। इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को स्वच्छ, स्वस्थ एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा कराने पर जोर दिया।