भरवारी के ऐतिहासिक दंगल में आकाश तिवारी बमरौली ने मारी बाजी, फाइनल जीतकर साइकिल और नकद पुरस्कार पर जमाया कब्जा
News By- नितिन केसरवानी
सेमीफाइनल में भी दिखाया दमखम, फाइनल जीतने पर ₹2100 नकद, ₹1500 की नोटों की माला और साइकिल देकर किया गया सम्मानित; देशभर के नामी महिला एवं पुरुष पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच
भरवारी/कौशाम्बी: नगर पालिका परिषद भरवारी के पुरानी बाजार में श्रीरामलीला कमेटी की ओर से आयोजित ऐतिहासिक दशहरा मेले के दूसरे दिन गुरुवार को इनामी दंगल का शानदार आयोजन किया गया। दंगल में देश के विभिन्न राज्यों से आए महिला और पुरुष पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती के रोमांचक मुकाबलों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। फाइनल मुकाबले में बमरौली के पहलवान आकाश तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबले में आकाश तिवारी ने अपने प्रतिद्वंद्वी पहलवान को शिकस्त देकर जीत हासिल की। उनकी इस शानदार जीत पर मेला कमेटी की ओर से ₹2100 नकद, ₹1500 की नोटों की माला और एक साइकिल देकर सम्मानित किया गया। इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबले में भी आकाश तिवारी ने अपने प्रतिद्वंद्वी को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। सेमीफाइनल जीतने पर उन्हें ₹1100 नकद और उपहार स्वरूप एक टंकी वाली केतली प्रदान की गई थी।

दंगल में महिला पहलवानों ने भी अपने कुश्ती कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। महिला वर्ग में नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट राखी पहलवान (50 किलोग्राम), जिन्होंने वर्ष 2025-26 में प्रयागराज और भोपाल में गोल्ड मेडल हासिल किया है, अंशु पहलवान गाजियाबाद और पूनम पहलवान हरियाणा सहित अन्य महिला पहलवानों ने हिस्सा लिया।

वहीं पुरुष वर्ग में मेरठ, आगरा, दिल्ली, हरियाणा, महोबा, बनारस और प्रतापगढ़ समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने अखाड़े में अपनी ताकत और दांव-पेच का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। पहलवानों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।