Breaking News in Primes

भरवारी के ऐतिहासिक दशहरा मेले में मीना बाजार की रही धूम, महिलाओं ने जमकर की खरीदारी

0 5

News By- हिमांशु उपाध्याय/ नितिन केसरवानी

रंग-बिरंगी सजावट और आकर्षक झांकियों ने मोहा मन, झूलों का बच्चों ने उठाया आनंद; देर रात तक उमड़ी रही भीड़, सुरक्षा में मुस्तैद रही पुलिस

भरवारी/कौशाम्बी: नगर पालिका परिषद भरवारी के पुरानी बाजार में आयोजित ऐतिहासिक दशहरा मेले के अंतिम दिन शुक्रवार को मीना बाजार में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने जमकर खरीदारी की तो बच्चों ने झूलों, खिलौनों और मनोरंजन के विभिन्न साधनों का आनंद उठाया। देर रात तक मेले में लोगों की आवाजाही बनी रही। आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियों ने मेले की रौनक में चार चांद लगा दिए।

भरवारी का ऐतिहासिक दशहरा मेला इस वर्ष भी पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ आयोजित हुआ। मेले को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सड़क किनारे लगी रंग-बिरंगी झालरों और विद्युत झालरों की रोशनी से पूरा पुरानी बाजार क्षेत्र जगमगा उठा। मेले में निकाली गई देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं और दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। झांकियों के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

मेले के अंतिम दिन आयोजित मीना बाजार में महिलाओं का खास उत्साह देखने को मिला। बाजार में महिलाओं ने घरेलू उपयोग की वस्तुओं, श्रृंगार सामग्री, सौंदर्य प्रसाधनों और अन्य सामानों की जमकर खरीदारी की। वहीं बच्चों के मनोरंजन के लिए लगाए गए झूले, मिक्की माउस, ब्रेक डांस और ड्रैगन ट्रेन आकर्षण का केंद्र बने रहे। बच्चों ने अपने परिवार के साथ मेले का भरपूर आनंद उठाया।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुरुषों का प्रवेश प्रतिबंधित

मीना बाजार में महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुरुषों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रखा गया था। साथ ही मेले के आसपास वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई थी। रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस और पीएसी के जवानों की तैनाती की गई थी। इसके अलावा मेले के भीतर खुफिया पुलिस भी सक्रिय रही। पूर्व में मेले के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा गड़बड़ी किए जाने की घटनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने इस बार विशेष सतर्कता बरती।

सुरक्षा व्यवस्था की कमान सीओ, कोखराज इंस्पेक्टर संतोष शर्मा, भरवारी चौकी प्रभारी मुकेश यादव सहित पुलिसकर्मियों ने संभाली। इस दौरान रितेश यादव, अनिल यादव, शिवांग, हेमंत सिंधिया चौकी इंचार्ज सहित पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। पुलिस की सतर्कता के चलते मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

कमेटी ने जताया सहयोग के लिए आभार

पुरानी बाजार रामलीला कमेटी के अध्यक्ष संतोष केसरवानी और संयोजक नीरज बनारसी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी दशहरा मेले में नगरवासियों का भरपूर सहयोग मिला। महिलाओं, बच्चों और श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ मेले में सहभागिता की। उन्होंने मेले को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने वाले पुलिस प्रशासन, नगरवासियों और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष संतोष केसरवानी, संयोजक नीरज बनारसी, महामंत्री अमित वर्मा, रमेश चंद्र केसरवानी, कोषाध्यक्ष मुकेश केसरवानी, राजेश केसरवानी, उपाध्यक्ष विनोद केसरवानी, सुशील केसरवानी, पार्षद शानू कुशवाहा, पार्षद प्रतिनिधि तुषार केसरवानी, नीरज केसरवानी, राजा बाबू वर्मा, अनमोल केसरवानी, दंगल अध्यक्ष मोहित वर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी अनिल यादव सहित कमेटी के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!