विनीता अग्रहरि जिला कोषाध्यक्ष, प्रीति कौशल जिला मंत्री और रीता गुड्डन केसरवानी बनीं सदस्य
भरवारी/कौशांबी: भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला कार्यकारिणी में भरवारी की तीन महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। महिला जिला अध्यक्ष डॉ. नीतू कनौजिया ने भरवारी निवासी पूर्व सभासद विनीता अग्रहरि को जिला कोषाध्यक्ष, सभासद प्रीति कौशल को जिला मंत्री तथा रीता गुड्डन केसरवानी को जिला कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया है।
इन नियुक्तियों से भरवारी क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पार्टी की ओर से महिलाओं को संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाने को महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। नई जिम्मेदारी मिलने से तीनों पदाधिकारियों से संगठन की गतिविधियों को गति देने, महिलाओं को पार्टी से जोड़ने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद है।
विनीता अग्रहरि पूर्व सभासद के रूप में क्षेत्र में अपनी पहचान रखती हैं, वहीं प्रीति कौशल वर्तमान में सभासद हैं। रीता गुड्डन केसरवानी को भी जिला कार्यकारिणी में स्थान मिलने से भरवारी की भागीदारी बढ़ी है।
तीनों महिलाओं को नई जिम्मेदारी मिलने पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि तीनों पदाधिकारी पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए संगठन को और मजबूत बनाने में योगदान देंगी।