News By-नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: नगर पालिका परिषद भरवारी की ओर से प्रत्येक सोमवार की भांति इस सप्ताह भी चक चमरूपुर स्थित कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नगर के विभिन्न वार्डों से पहुंचे नागरिकों ने नगर अध्यक्ष कविता पासी के समक्ष अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं।
नगर अध्यक्ष कविता पासी ने लोगों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित मामलों में आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनकी ओर से उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही सभी शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि नगर के नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है। जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों को अपनी बात सीधे नगर पालिका प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से भी जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने तथा शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने की अपेक्षा जताई। इस दौरान सतीश कुमार, राहुल श्रीवास्तव, राजू पटेल सहित अन्य कई वार्डो से आए लोग मौजूद रहे।