11 अक्टूबर से शुरू होंगे शारदीय नवरात्र, इस बार 10 दिन तक होगी मां दुर्गा की आराधना, हाथी पर सवार होकर आएंगी माता रानी
News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
घट स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 11:37 से दोपहर 12:23 बजे तक, 20 अक्टूबर को मनेगी विजयादशमी
शारदीय नवरात्र का पावन पर्व 11 अक्टूबर से शुरू होगा। इस बार नवरात्र 10 दिनों के होंगे। मां दुर्गा के भक्तों को इस बार नौ के बजाय 10 दिनों तक माता रानी की आराधना करने का अवसर मिलेगा। नवरात्र की शुरुआत अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से होती है।
ज्योतिषीय गणना के अनुसार, इस बार प्रतिपदा तिथि 10 अक्टूबर की रात 9:19 बजे से शुरू होकर 11 अक्टूबर की रात 9:30 बजे तक रहेगी। नवरात्र के पहले दिन चित्रा नक्षत्र और वैधृति योग का संयोग बन रहा है।
इस बार अष्टमी तिथि दो दिनों तक रहने के कारण नवरात्र की अवधि एक दिन बढ़ गई है। अष्टमी तिथि 18 अक्टूबर को पूरे दिन रहेगी और 19 अक्टूबर की सुबह 7:53 बजे तक व्याप्त रहेगी। इसके बाद नवमी तिथि के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। 20 अक्टूबर को विजयादशमी का पर्व मनाया जाएगा।
हाथी पर सवार होकर आएंगी मां दुर्गा
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस बार रविवार को नवरात्र शुरू होने के कारण मां दुर्गा का आगमन हाथी पर होगा। वहीं, माता रानी का प्रस्थान मुर्गे पर होगा। मां दुर्गा के हाथी पर आगमन को सुख, समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है।

घट स्थापना का शुभ मुहूर्त
नवरात्र के पहले दिन घट स्थापना के लिए शुभ मुहूर्त सुबह 11:37 बजे से दोपहर 12:23 बजे तक रहेगा। इस दौरान श्रद्धालु विधि-विधान से कलश स्थापना कर मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ नौ दिवसीय नवरात्र पर्व की शुरुआत करेंगे।
20 अक्टूबर को सुबह 10 बजे के बाद नवरात्र का पारण होगा। इस दौरान मंदिरों और घरों में विशेष पूजा-अर्चना, दुर्गा सप्तशती का पाठ, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।
नवरात्र को लेकर देवी मंदिरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। भक्तों में माता रानी के दर्शन और पूजा-अर्चना को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।