भरवारी नगर पालिका ने संभाली कमान: त्योहारों के मद्देनजर सभी 25 वार्डों में बदला गया स्ट्रीट लाइटों का मंजर, जगमगाया शहर
News By-नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर पालिका परिषद भरवारी ने शहर की प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक विशेष अभियान छेड़ा है। त्योहारों के दौरान नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और उज्ज्वल वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से पालिका प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को नगर पालिका की टीमों द्वारा निकाय के सभी 25 वार्डों में गहन सर्वेक्षण और निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान बंद और खराब पाई गई स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त किया गया, जिससे शहर की गलियां और मुख्य मार्ग रोशनी से जगमगा उठे।

यह विशेष अभियान नगर अध्यक्ष कविता पासी एवं अधिशासी अधिकारी राम सिंह के कुशल मार्गदर्शन और नेतृत्व में चलाया जा रहा है। पालिका प्रशासन द्वारा प्रत्येक वार्ड में चरणबद्ध तरीके से सर्वे कराकर स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और रिप्लेसमेंट का कार्य निरंतर जारी है। नगर अध्यक्ष कविता पासी ने बताया कि त्योहारों के पावन अवसर पर नगर का कोई भी कोना अंधेरे में न रहे, इसके लिए पालिका कटिबद्ध है। नगर की प्रत्येक गली, मुख्य मार्ग और सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित की जा रही है ताकि नागरिकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।