News By-नितिन केसरवानी
शासन को भेजा गया प्रस्ताव, स्वीकृति मिलते ही शुरू होंगे विभिन्न विकास कार्य
कौशांबी: नगर पालिका परिषद भरवारी के आंबेडकर भवन सभागार में बुधवार शाम विशेष बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष कविता पासी ने की, जबकि अधिशासी अधिकारी राम सिंह की मौजूदगी में नगर के विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सभासदों ने विकास कार्यों के प्रस्तावों पर सहमति जताई।
बैठक में नगर के सभी 25 वार्डों में करीब 54.57 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराने का खाका तैयार किया गया। इसके तहत राज्य वित्त आयोग से 15 करोड़, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना से 17.50 करोड़, पेयजल व्यवस्था योजना से 1.50 करोड़, मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना से दो करोड़, वंदन योजना से दो करोड़, पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना से 13 करोड़, दो प्रतिशत स्टाम्प शुल्क से 60 लाख, अन्त्येष्टि स्थल विकास योजना से 1.50 करोड़ तथा उपवन योजना से 1.47 करोड़ रुपये के प्रस्ताव शामिल किए गए हैं।
प्रस्तावित कार्यों में विभिन्न वार्डों में इंटरलॉकिंग सड़क, सीसी रोड, नाला-नाली निर्माण, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल सुविधाओं का विस्तार शामिल है। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प, ओपन जिम, डिजिटल लाइब्रेरी, वैश्विक बाजार तथा पल्हना गंगाघाट पर लाल बलुआ पत्थर से सौंदर्यीकरण सहित अन्य विकास कार्य कराने की योजना है।
अधिकारियों ने बताया कि विकास कार्यों से संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। शासन से स्वीकृति और धनराशि उपलब्ध होते ही प्रस्तावित कार्यों को चरणबद्ध तरीके से शुरू कराया जाएगा।

सेवा संकल्प अभियान को लेकर भी चर्चा
विशेष बोर्ड बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान-2026 को लेकर भी चर्चा हुई। अभियान के तहत नगर क्षेत्र में स्वच्छता, जनसेवा और जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कराने की रूपरेखा पर सभासदों से सुझाव लिए गए। अध्यक्ष कविता पासी ने जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया।
बैठक में लेखा लिपिक बबलू गौतम, लिपिक नूपुर अरोरा, जलकल सुपरवाइजर बृजेश कुमार मिश्रा सहित सभासद सादाब सिद्दीकी, पुष्पा देवी, मंजू देवी, मोहम्मद यासीन, मोहम्मद हुसैन, बागीशा केसरवानी, जितेंद्र मिश्रा, सूरज भान यादव, शानू कुशवाहा समेत अन्य सभासद मौजूद रहे।