News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: मनौरी स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के मामले में एसपी सत्यनारायण के निर्देश पर पिपरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रकाश में आए वांछित आरोपी शोएब पुत्र अलीम निवासी दायराशाह अजमल, थाना शाहगंज, प्रयागराज को गिरफ्तार कर लिया। विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।31 अगस्त को हुए विस्फोट के मामले में पिपरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में छह आरोपी पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय भेजे जा चुके हैं। विवेचना के दौरान आरोपियों से पूछताछ, तकनीकी व अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण में शोएब की भूमिका प्रकाश में आई। इसके बाद एसपी ने उसकी गिरफ्तारी के लिए गठित टीमों को निर्देशित किया था।
पूछताछ में खुला अवैध कारोबार का राज
पुलिस के अनुसार शोएब ने बताया कि उसके पिता अलीम के नाम प्रयागराज में पटाखा बिक्री का लाइसेंस था। इसी लाइसेंस की आड़ में तमिलनाडु निर्मित पटाखे खरीदकर नौशाद व शकील के साथ आसपास के क्षेत्रों में अधिक कीमत पर बेचे जाते थे। देशी पटाखों के निर्माण में प्रयुक्त बारूद/विस्फोटक सामग्री की खरीद से जुड़े नेटवर्क की भी पुलिस जांच कर रही है। मामले में धारा 105/288 बीएनएस व 4/5/9बी विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।