Breaking News in Primes

*धामनोद में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा नगर*

0 0

*धामनोद में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा नगर*

 

धामनोद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत धामनोद में पुलिस प्रशासन द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना रहा।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ पुलिस थाना धामनोद परिसर से हुआ। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए महेश्वर चौराहा (श्रीराम चौक) तक पहुंची। यात्रा में पुलिस प्रशासन के साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा थामे बच्चों और पुलिसकर्मियों ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे नगर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।

यात्रा में थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव, यातायात उप निरीक्षक पदम सिंह भाटी, सहायक उप निरीक्षक बालकृष्ण कुमरावत, सहायक उप निरीक्षक जवान सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज राजपूत, रवि सोलंकी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। वहीं “मेरा रंग दे बसंती चोला” जैसे देशभक्ति गीतों ने माहौल को और भावपूर्ण बना दिया।

तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत इस यात्रा में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पुलिस प्रशासन और स्कूली बच्चों की संयुक्त भागीदारी ने नागरिकों को भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने तथा स्वतंत्रता दिवस को उत्साह और गौरव के साथ मनाने का संदेश दिया।

यात्रा के दौरान लोगों ने देश की एकता और अखंडता का संदेश देते हुए हाथों में तिरंगा थामे रखा। धामनोद की सड़कों पर उमड़ा यह देशभक्ति का सैलाब स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के सम्मान को प्रदर्शित करता नजर आया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!