कौशाम्बी पुलिस की बड़ी सफलता: मुठभेड़ में ज्वेलरी लूटकांड के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, लूट का माल व ₹50 हजार बरामद
News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
पुलिस फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में लगी गोली, दो तमंचे, कारतूस, बाइक और चोरी के मोबाइल भी बरामद
कौशाम्बी: मंझनपुर थाना क्षेत्र में ज्वेलरी कारोबारी से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज चार दिनों में खुलासा कर दिया। बुधवार देर रात पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर लुटेरे पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिए गए। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, ₹50 हजार नकद, दो अवैध तमंचे, कारतूस, घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर बाइक और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 27 जून को समदा चौराहे के पास ज्वेलरी कारोबारी गणेश प्रसाद सोनी से तीन बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल फोन और जेवरात व नकदी से भरा बैग लूट लिया था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण के निर्देश पर चार टीमों का गठन कर बदमाशों की तलाश शुरू की गई।
बुधवार को मंझनपुर पुलिस और एसओजी टीम को सूचना मिली कि घटना में शामिल बदमाश कोर्रो रोड से गुजरने वाले हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश भागने लगे। पीछा करने पर बाइक फिसल गई, जिसके बाद दोनों खेतों की ओर भागते हुए पुलिस पर फायरिंग करने लगे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंशु सोनी उर्फ देवेश वर्मा निवासी कुंडा, प्रतापगढ़ तथा राजाराम उर्फ रामराज यादव निवासी कुंडा, प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने ज्वेलरी कारोबारी से लूट की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि लूटे गए आभूषणों को गलाकर सिल्ली बनाकर बेचने की तैयारी थी। पुलिस ने उनके पास से करीब 1.034 किलोग्राम चांदी, 5.8 ग्राम सोना, ₹50 हजार नकद, दो तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस, बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों पर प्रयागराज, प्रतापगढ़, महोबा और अन्य जनपदों में लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। फरार तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।