Breaking News in Primes

भरवारी को जाम से मिलेगी राहत: अंडरपास निर्माण की टेंडर प्रक्रिया जारी, जर्जर फुट ओवरब्रिज की जगह बनेगा नया पुल

0 40

News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी

डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने किया भरवारी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण, यात्रियों की सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश

भरवारी, कौशाम्बी: उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल ने  भरवारी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर स्टेशन परिसर में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मीडिया से बातचीत में डीआरएम ने भरवारी रेलवे क्रॉसिंग पर वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या के समाधान को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेलवे अंडरपास ब्रिज (RUB) निर्माण की टेंडर प्रक्रिया वर्तमान में जारी है और उम्मीद है कि अगले वर्ष तक निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। अंडरपास बनने के बाद रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा यातायात व्यवस्था भी सुगम होगी।

डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने स्टेशन परिसर में स्थित जर्जर फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के संबंध में भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जल्द ही पुराने एवं जर्जर फुट ओवरब्रिज को हटाकर उसकी जगह नया आधुनिक फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा। इससे यात्रियों को प्लेटफार्मों के बीच आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

भरवारी रेलवे स्टेशन पर अन्य यात्री ट्रेनों के ठहराव की मांग के संबंध में पूछे गए सवाल पर डीआरएम ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिक अपनी मांगों का प्रस्ताव रेलवे प्रशासन को भेजें। प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद रेलवे विभाग उपलब्ध संसाधनों और आवश्यकता के आधार पर ट्रेनों के ठहराव पर विचार करेगा।

गौरतलब है कि भरवारी रेलवे क्रॉसिंग पर आरयूबी/आरओबी निर्माण की मांग को लेकर सामाजिक संगठन ग्लोबल ह्यूमन राइट्स एसोसिएशन लगातार प्रयासरत रहा है। संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रोहित वैश्य ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए 9 मार्च 2025 को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को ज्ञापन सौंपकर भरवारी रेलवे क्रॉसिंग पर आरयूबी/आरओबी निर्माण की मांग की थी।

इसके बाद 18 नवंबर 2025 को रोहित वैश्य ने प्रयागराज मंडल के एडीआरएम के साथ प्रस्तावित निर्माण स्थल का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र की यातायात समस्याओं, सुरक्षा चुनौतियों और स्थानीय नागरिकों की मांगों को विस्तार से अधिकारियों के समक्ष रखा तथा निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए 3 दिसंबर 2025 को उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के डीआरएम रजनीश अग्रवाल, एडीआरएम नवीन प्रकाश, जीएम नरेशपाल एवं रेलवे इंजीनियरिंग टीम ने भरवारी रेलवे क्रॉसिंग का विस्तृत निरीक्षण किया था। इस दौरान परियोजना से जुड़े तकनीकी पहलुओं, यातायात दबाव और स्थानीय आवश्यकताओं का आकलन किया गया था।

क्षेत्रवासियों में बढ़ी उम्मीद

डीआरएम के ताजा निरीक्षण और अंडरपास निर्माण को लेकर दिए गए आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि वर्षों पुरानी जाम की समस्या का जल्द समाधान होगा। साथ ही नए फुट ओवरब्रिज के निर्माण से रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि अंडरपास निर्माण कार्य समय पर शुरू हो जाता है तो भरवारी नगर और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!