NEET-UG 2026 की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, पारदर्शी और त्रुटिरहित परीक्षा के दिए निर्देश
19 जून तक केंद्रों पर लगेंगे बायोमैट्रिक, CCTV और जैमर, 20 जून को होगा ट्रायल रन
NEET-UG 2026 की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, पारदर्शी और त्रुटिरहित परीक्षा के दिए निर्देश
19 जून तक केंद्रों पर लगेंगे बायोमैट्रिक, CCTV और जैमर, 20 जून को होगा ट्रायल रन
21 जून को होगी NEET-UG परीक्षा, परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
भोपाल, 16 जून। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG) परीक्षा-2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा आयोजन की सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं तथा परीक्षा पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और दक्षता के साथ संपन्न कराई जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि NEET राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण परीक्षा है, इसलिए इसके आयोजन में किसी भी स्तर पर किसी प्रकार की कमी या त्रुटि नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर बायोमैट्रिक मशीनें, सीसीटीवी कैमरे एवं जैमर 19 जून तक अनिवार्य रूप से स्थापित कर दिए जाएं। साथ ही 20 जून को इन सभी व्यवस्थाओं का ट्रायल रन भी किया जाए, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो।
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे सभी परीक्षार्थी बिना किसी बाधा के समय पर अपने-अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें।
उल्लेखनीय है कि NEET (UG) परीक्षा-2026 का आयोजन रविवार, 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा की कुल अवधि 3 घंटे 15 मिनट (195 मिनट) होगी तथा परीक्षा पेन एवं पेपर मोड में आयोजित की जाएगी।