Breaking News in Primes

वांछित अपराधी की तलाश में पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस पर ग्रामीणों का हमला, तीन जवान घायल

0 9

News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी

कौशाम्बी: कोखराज थाना क्षेत्र के इचौली गांव में शनिवार को एक अप्रत्याशित घटना सामने आई, जहां वांछित अपराधी की तलाश में दबिश देने पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। सादे कपड़ों में होने के कारण ग्रामीण पुलिसकर्मियों को पहचान नहीं सके और उन्हें चोर समझ बैठे, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ पुलिस की एक टीम किसी वांछित अपराधी की तलाश में इचौली गांव पहुंची थी। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान गांव के लोगों को उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गलतफहमी के चलते ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। घटना के दौरान दो पुलिसकर्मी किसी तरह मौके से निकलने में सफल रहे, जबकि तीन पुलिसकर्मी ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए। ग्रामीणों द्वारा उनकी कथित तौर पर जमकर पिटाई कर दी गई, जिससे वे घायल हो गए।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। यह मामला दूसरे राज्यों की पुलिस द्वारा स्थानीय क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान समुचित समन्वय और पहचान सुनिश्चित करने की आवश्यकता को भी उजागर करता है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!