News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
मंझनपुर पुलिस की कार्रवाई, तमंचा व नकदी बरामद; उन्नाव स्लॉटर हाउस में बेची थीं चोरी की भैंसें
कौशाम्बी: थाना मंझनपुर पुलिस ने भैंस चोरी की घटनाओं में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और चोरी की रकम से बची 2070 रुपये नकदी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 29/30 अप्रैल 2026 की रात थाना मंझनपुर क्षेत्र के बंधवा रजबर और भेलखा गांव से तीन भैंसें और एक बच्चा चोरी हो गया था। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले में पहले ही पांच आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि फरार आरोपी रईश अहमद पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

रविवार को मुखबिर की सूचना पर थाना मंझनपुर पुलिस ने हंजापुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपी रईश अहमद ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर भैंस चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी की भैंसों को उन्नाव के एक स्लॉटर हाउस में 30 हजार रुपये में बेच दिया गया था, जिसकी रकम आरोपियों ने आपस में बांट ली थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, चोरी, आपराधिक षड्यंत्र और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।