News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: जनपद के पिपरी थाना क्षेत्र के औधन गांव में शुक्रवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने पूर्व प्रधान बादाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, औधन गांव निवासी बादाम सिंह वर्ष 2010 से 2015 तक ग्राम प्रधान रह चुके थे। इन दिनों वह गांव के बाहर एक गौशाला का निर्माण कार्य करा रहे थे। शुक्रवार रात वह निर्माणाधीन गौशाला में अपने साथी बुधराम के साथ ठहरे हुए थे। देर रात कुछ अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और बादाम सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान उनके साथ मौजूद बुधराम को कोई चोट नहीं आई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सूचना मिलते ही पिपरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह और पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुरानी रंजिश समेत सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।