ओंकारेश्वर में आचार्य शंकर संग्रहालय अद्वैत लोक के निर्माण की पुनरीक्षित लागत 2424 करोड़ 369 लाख रुपये स्वीकृत
मांधाता तहसील में व्यवहार न्यायाधीश न्यायालय के लिए 7 नए पदों के सृजन की मंजूरी
ओंकारेश्वर में आचार्य शंकर संग्रहालय अद्वैत लोक के निर्माण की पुनरीक्षित लागत 2424 करोड़ 369 लाख रुपये स्वीकृत
मांधाता तहसील में व्यवहार न्यायाधीश न्यायालय के लिए 7 नए पदों के सृजन की मंजूरी
भोपाल, सोमवार। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में आयोजित मंत्रि-परिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में ओंकारेश्वर में आचार्य शंकर संग्रहालय “अद्वैत लोक” के निर्माण की पुनरीक्षित लागत 2424 करोड़ 369 लाख रुपये को स्वीकृति प्रदान की गई।
यह परियोजना “एकात्म धाम परियोजना” के अंतर्गत संचालित की जा रही है। मंत्रि-परिषद ने इस परियोजना के कार्यों के लिए सूचकांक में छूट देने का निर्णय भी लिया।
संस्कृति विभाग द्वारा ओंकारेश्वर में आचार्य शंकर के जीवन और दर्शन पर आधारित शंकर संग्रहालय, अद्वैत लोक निर्माण, आचार्य शंकर अंतर्राष्ट्रीय वेदान्त संस्थान, अद्वैत निलयम सहित अन्य निर्माण कार्य किए जाएंगे। ये सभी कार्य एमपीटीसी (मध्यप्रदेश परियोजना निर्माण निगम) द्वारा संपादित किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि जून 2025 में इस परियोजना के लिए 2195 करोड़ 54 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई थी। अब मंत्रि-परिषद ने लागत में वृद्धि के बाद पुनरीक्षित राशि 2424 करोड़ 369 लाख रुपये को स्वीकृति दी है।
इसके साथ ही मंत्रि-परिषद ने खण्डवा जिले की मांधाता तहसील में व्यवहार न्यायाधीश (कनिष्ठ खण्ड) न्यायालय की स्थापना के लिए कुल 7 नए पदों के सृजन की भी मंजूरी दी है। इनमें व्यवहार न्यायाधीश (कनिष्ठ खण्ड) श्रेणी का एक पद तथा तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के छह पद शामिल हैं। इन पदों पर होने वाला अनुमानित वित्तीय भार 52 लाख 76 हजार रुपये प्रतिवर्ष रहेगा।
इन निर्णयों से प्रदेश में न केवल सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान मिलेगी, बल्कि न्यायिक व्यवस्था भी और अधिक सुदृढ़ होगी।