News By-नितिन केसरवानी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वर्चुअल उपस्थिति में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ
कौशाम्बी: भरवारी नगर स्थित आंबेडकर भवन के सभागार में बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वर्चुअल उपस्थिति में “उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम” के गठन, लोगो अनावरण तथा वेबसाइट एवं पोर्टल के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के आउटसोर्सिंग कार्मिकों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता कर सरकार की इस पहल को कर्मचारी हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान आउटसोर्सिंग कार्मिकों के बढ़े हुए पारिश्रमिक की घोषणा के साथ ही निगम के लोगो का अनावरण तथा वेबसाइट एवं पोर्टल का शुभारंभ किया गया। सरकार की ओर से इस व्यवस्था के माध्यम से आउटसोर्स कर्मियों को अधिक पारदर्शी व्यवस्था, समयबद्ध भुगतान, सामाजिक सुरक्षा तथा सम्मानजनक भविष्य उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष कविता पासी ने सभी आउटसोर्सिंग कार्मिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के गठन से आउटसोर्स कर्मियों को शोषण से मुक्ति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि निगम के माध्यम से कर्मचारियों के अधिकारों एवं आर्थिक हितों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी तथा उन्हें सेवा सुरक्षा और पारदर्शिता का लाभ मिलेगा।

कविता पासी ने कहा कि “कर्मचारी हित ही सुशासन की पहचान है।” नई व्यवस्था से आउटसोर्सिंग कार्मिकों के अधिकारों, आर्थिक हितों, सेवा सुरक्षा और पारदर्शिता को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से आउटसोर्सिंग के माध्यम से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के लिए यह पहल उनके भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी राम सिंह, लेखा लिपिक बबलू गौतम, सभासद शादाब सिद्दीकी, जितेंद्र मिश्रा, शंकर लाल केसरवानी, सभासद प्रतिनिधि घनश्याम पासी सहित नगर पालिका के कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे आउटसोर्सिंग कार्मिकों के लिए लाभकारी बताया।