बैंक ऑफ इंडिया की बाग शाखा में 46 लाख रुपये की नकदी गायब होने की शिकायत
कैशियर के फरार होने की बात सामने आई, बैंक प्रबंधन ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
बाग। धार जिले के बाग में बैंक ऑफ इंडिया की स्थानीय शाखा में करीब 46 लाख रुपये की नकदी कम होने और कैशियर के चाबी लेकर फरार होने की शिकायत सामने आई है। मामले की जानकारी मिलने के बाद बैंक प्रबंधन ने पुलिस से शिकायत कर जांच की मांग की है।
बताया गया कि बैंक प्रबंधक मयूर दुबे ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार बैंक की नकदी और कैशियर से संबंधित अनियमितता सामने आने के बाद बैंक प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू की।
शिकायत में बताया गया है कि दूसरी चाबी मंगवाकर लॉकर खोला गया तो प्रथम दृष्टया करीब 46 लाख रुपये की नकदी कम पाई गई। इसके बाद बैंक प्रबंधन द्वारा पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई तथा पुलिस को शिकायत सौंपी गई।